40 लाख से संवरेगा शास्त्रीनगर तालाब
सुल्तानपुर। शहर के शास्त्रीनगर स्थित तालाब जल्द ही नए लुक में दिखेगा। नगर पालिका परिषद ने तालाब का कायाकल्प करने की योजना तैयार की है।
योजना के अनुरूप तालाब में जमी जलकुंभी हटवाकर साफ पानी भरवाया जाएगा। तालाब की सुंदरता बढ़ाने के लिए इसमें फव्वारे लगवाने के साथ-साथ आकर्षक लाइटें भी लगवाई जाएंगी।
प्रोजेक्ट पर करीब 40 लाख रुपये खर्च आएगा।
शहर में शास्त्रीनगर पुलिस चौकी के सामने स्थित तालाब के कायाकल्प की उम्मीद जाग गई है। गंदगी व जलकुंभी से पटे पड़े तालाब के दिन बहुरेंगे।
तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना नगर पालिका परिषद की ओर से तैयार की गई है। नगर पालिका की ओर से जल संचयन के दृष्टिकोण से शहर के शास्त्रीनगर स्थित पुराने तालाब की दशा में सुधार कराया जाएगा।
तालाब में जमा गंदे पानी व जलकुंभी की सफाई कराई जाएगी। लोगों के घरों का गंदा पानी भी तालाब में नहीं जा सकेगा।
तालाब की चारों सरहद को पक्का कराया जाएगा। इसके बगल से जलनिकासी के लिए अलग से नालियों का निर्माण कराया जाएगा।
तालाब के बीच में फव्वारा लगेगा। फव्वारे के संचालन की सेटिंग लाइटों से की जाएगी। शाम होने पर आकर्षक लाइटों के साथ फव्वारे का संचालन कराया जाएगा।
इसके साथ ही लोगों को तालाब के किनारे घूमने के लिए इंटरलॉकिंग ट्रैक का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके किनारे लोगों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी।
पीने के पानी के लिए टोटियां भी लगवाई जाएंगी। पालिका के अधिकारियों का मानना है कि तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने से लोगों को बैठने व घूमने की सुविधा मिलेगी।
इस प्रोजेक्ट से भूजल संचयन का कार्य भी पूरा होगा। तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रोजेक्ट शासन को भेजा गया है। प्रोजेक्ट की लागत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। बजट मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अजय जायसवाल ने बताया कि, तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य नगर पालिका के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में शामिल है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। बजट आवंटन होते ही कार्य आरंभ करा दिया जाएगा।