अमित हत्याकांड में कई संदिग्धों को पुलिस ने उठाया
बाराबंकी। रोडवेज बस में सराफा व्यापारी की हत्या सोने-चांदी के गहने गिरवी रखने के विवाद में सुपारी देकर कराने की दिशा में पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। क्षेत्र व आसपास के थानों से उठाए गए संदिग्धों से एसटीएफ के साथ मिलकर स्थानीय पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
हैदरगढ़ के सराफा व्यापारी अमित रस्तोगी की 28 मार्च को रोडवेज बस में गोली मारकर हत्या की घटना में पुलिस लूट व रंजिश को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही है।
हालांकि सूत्रों के अनुसार जेवर गिरवी रखने के विवाद में ही सुपारी देकर हत्या कराने को लेकर पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं।
सोने-चांदी के नकली जेवर गिरवी रखने को लेकर डेढ़ माह पहले हुए विवाद के चलते कोरियानी गांव निवासी चाचा-भतीजे को गिरफ्त में लेकर पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
इसके साथ ही खमनखेड़ा व पोखरा से कई लोगों को उठाया गया है। इन सभी से कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।
हैदरगढ़ के आसपास के थानों से भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे लोगों को उठाया गया है। इन सभी से घटना के वक्त उनकी कहां मौजूदगी थी? समेत घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
इनमें से कुछ संदिग्धों से एसटीएफ की पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगने की चर्चा है।
कोतवाल पीके तिवारी ने बताया कि, पुलिस व एसटीएफ छानबीन में जुटी है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।