अंबेडकरनगर। जिले में चल रहे महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को फाइनल मैच में गोरखपुर ने उत्तराखंड को हराकर आरपीएस ट्रॉफी जीत ली। गोरखपुर टीम की कप्तान शिवप्रिया को वुमेन ऑफ द सिरीज चुना गया।
गोरखपुर की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शिवप्रिया के 20 व दीप्ति के 15 रन की बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 113 रन बनाए।
उत्तराखंड की खराब गेंदबाजी के चलते गोरखपुर को कुल 39 अतिरिक्त रन मिले। जवाब में उतरी उत्तराखंड की टीम ने जुझारू बैटिंग की, लेकिन चार विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सकी। अंजली ने 38 व कंचन ने 30 रन का योगदान दिया। 21 अतिरिक्त रनों का तोहफा उत्तराखंड को भी मिला।
इस तरह 6 रन से गोरखपुर ने पूर्व सांसद रामपियारे सुमन की स्मृति में आयोजित आरपीएस क्रिकेट टूर्नामेंट को अपने नाम कर लिया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि अकबरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने विजयी टीम को ट्रॉफी और 15 हजार रुपये का पुरस्कार समिति की तरफ से सौंपा।
उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ 10 हजार का पुरस्कार दिया गया। वुमेन ऑफ द सिरीज गोरखपुर की कप्तान शिवप्रिया को दिया गया, जबकि वुमेन ऑफ द मैच बनीं उत्तराखंड की खिलाड़ी अंजली। बेस्ट बैट्समैन भी शिवप्रिया चुुनी गईं, जबकि दो विकेट लेने वाली जूही को बेस्ट बॉलर का खिताब मिला।