रायबरेली। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरधारीलाल कोली व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार शुक्ला के निर्देशन में शनिवार को मतदाता जन जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने निकाय चुनाव में ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया। छात्र-छात्राआें ने नारे लगाते हुए प्रमुख चौराहों का भ्रमण किया।
स्काउट भवन परिसर में लक्ष्मीकांत शुक्ला अगुवाई में स्काउट् गाइड्स के अलावा कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए और इसके बाद मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान बच्चों ने सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो, वोट डालने जाएंगे, खाना तभी खाएंगे, वोट हमारा है अधिकार, नहीं करें इसको बेकार, वोट डालने जाएं, अपना वोट काम में लाएं जैसे नारे लगाए। बच्चे अस्पताल चौराहा, हाथी पार्क, सुपर मार्केट, घंटाघर, कोतवाली रोड, दीवानी कचहरी होते हुए स्काउट भवन में एकत्र हुए।
रैली को जिला ट्रेनिंग कमिश्नर स्काउट श्रीराम यादव, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर गाइड निर्मला देवी ने हरी झंडी दिखाई। रैली में जिला गाइड कैप्टन एवं लीडर ट्रेनर निरुपमा बाजपेई, साधना शर्मा, जिला स्काउट शिक्षक एवं लीडर शिव शरण सिंह, रोवर लीडर डॉ. मनोज चौधरी, गाइड कैप्टन नीलू सरोज, शीतल, क्षितिज ने सहयोग किया। रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवानंदपुर, चौधरी दीन दयाल पटेल, इंटर कॉलेज रतापुर, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलीगंज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चकअहमदपुर, आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के स्काउट गाइड ने प्रतिभाग किया।