श्रावस्ती। जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा हुई। जिले में पांच परीक्षा केंद्रों पर 1,590 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए 2,998 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। जिसमें से 1,408 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
परीक्षा के दौरान जमुनहा के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज वीरगंज में पंजीकृत 528 के सापेक्ष 241 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। गिलौला के नेहरू स्मारक इंटर कालेज में 562 के सापेक्ष 334 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में 597 के सापेक्ष 363 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में 643 के सापेक्ष 303 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि सिरसिया के राजकीय इंटर कॉलेज गब्बापुर में पंजीकृत 668 के सापेक्ष 349 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्रधानाचार्य एके सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने के लिए माध्यमिक, परिषदीय व जवाहर नवोदय के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।