रायबरेली या मेरठ में से यूपी में तेरहवां स्मार्ट सिटी कौन सा शहर बनेगा, इस पर शुक्रवार को फैसला होने की पूरी संभावना है।
मुख्य सचिव आलोक रंजन की अध्यक्षता में 15 सितंबर को होने वाली राज्य उच्चाधिकार संचालन समिति की बैठक अब शुक्रवार को दोपहर बाद होगी। इसमें नगर विकास विभाग रायबरेली व मेरठ का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत करेगा।
केंद्र सरकार पहले चरण में देशभर में 100 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना चाहती है। इस परियोजना में उन्हीं शहरों को शामिल किया जा सकता है, जो शहरी विकास मंत्रालय से निर्धारित 14 मानक की कसौटी में सर्वोच्च अंक पाएंगे।
यूपी के 12 ये हैं प्रमुख शहर
नगर विकास विभाग ने मानक के अनुसार 28 शहरों की सूची तैयार की थी। इसमें वरीयता क्रम में 14 शहरों के नाम केंद्र सरकार को भेजे गए थे।
रायबरेली व मेरठ को बराबर 75-75 अंक मिलने पर ए व बी करते हुए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया था।
केंद्र ने इस प्रस्ताव के अनुसार सूबे के 12 शहरों मुरादाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, बरेली, झांसी, कानपुर, इलाहाबाद, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद, आगरा व रामपुर के नामों पर मुहर लगाते हुए स्मार्ट सिटी के लिए तेरहवें शहर के चयन की जिम्मेदारी राज्य सरकार को दी है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में इस पर अंतिम निर्णय किया जाना है।