लखनऊ से बहराइच बॉर्डर तक जाम ही जाम
बाराबंकी। अयोध्या में सावन मेला के मद्देनजर फैजाबाद हाई-वे पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। इसके चलते लखनऊ बॉर्डर से लेकर फैजाबाद व बहराइच बॉर्डर तक जाम लग गया है।
जाम के चलते राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाई-वे पर यातायात सुचारु रखने के लिए कई थानेदार समेत भारी पुलिस बल मशक्कत में जुटा है। फैजाबाद जाते समय मंगलवार को लखनऊ जोन के एडीजी राजेश कृष्ण भी जाम में फंस गए। इसके अलावा मरीजों को ले जा रही कई एंबुलेंस भी जाम में फंसी रहीं।
शहर क्षेत्र में लखनऊ बार्डर सफेदाबाद से लेकर सफदरगंज चौराहे से अहमदपुर तक नेशनल हाई-वे से लेकर रामसनेहीघाट के पास फैजाबाद जिले के बॉर्डर तक दो दिन से हाई-वे पर भीषण जाम लग रहा है।
बाराबंकी से फैजाबाद की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को सफदरगंज चौराहे पर रोक दिया जा रहा है। वहीं, जैदपुर से बदोसरायं, सआदतगंज जाने वाले लिंक मार्ग पर भी इन दिनों वाहनों को रोका जा रहा है।
इसके चलते बहराइच बॉर्डर तक आवागमन प्रभावित होने से पूरे दिन राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बताते चलें कि अयोध्या में सावन मेला व महोदवा में कांवड़ियों की भीड़ को लेकर प्रशासन ने हाई-वे पर रूट डायवर्जन किया है। इसके चलते दो दिन से सफदरगंज चौराहे पर भारी वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।
इसके चलते छोटे वाहनों के साथ ही पैदल जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल ये स्थिति अभी कई दिन तक रहने के आसार हैं।
मंगलवार को शहर क्षेत्र में असेनी के पास लखनऊ जोन के एडीजी राजेश कृष्ण भी जाम में फंस गए। फैजाबाद जा रहे एडीजी के वाहन को पुलिसकर्मियों ने किसी तरह जाम से निकालकर रवाना किया।
एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि, हाई-वे पर बड़े वाहनों के रूट डायवर्जन के चलते ये दिक्कत हुई है। जाम हटवाने के लिए मसौली, सफदरगंज, देवा, सतरिख व जहांगीराबाद थानेदारों के साथ शहर कोतवाली पुलिस टीम को लगाया गया है।