जरवलरोड (बहराइच)। एक युवक मंगलवार दोपहर मछली का शिकार करने घाघरा नदी के तट पर गया था। तभी मगरमच्छ ने हमला कर उसे नदी में खींच लिया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत तपेसिपाह धोबिनपुरवा गांव निवासी त्रिलोकी (45) कुछ साथियों के साथ मंगलवार दोपहर मछली का शिकार करने के लिए फसल अनुसंधान केंद्र के निकट घाघरा नदी के तट पर गया था।
सभी लोग कुछ दूरी पर कांटा लगाकर मछली का इंतजार कर रहे थे। तभी नदी में छिपे मगरमच्छ ने तट पर बैठे त्रिलोकी पर झपट्टा मारकर उसे नदी में खींच लिया। चीख पुकार सुनकर अन्य साथी दौड़े।
मगरमच्छ के जबड़े में त्रिलोकी को फंसा देख सभी सकते में आ गए। साथियों ने ईंट-कंकड़ मारकर त्रिलोकी को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पाकर परिवारीजन रोते-बिलखते नदी के तट पर पहुंचे।
प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्र भी टीम के साथ शाम को घटनास्थल पर गए। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि गोताखोरों की मदद से नदी को खंगाला गया है। मगरमच्छ होने के कारण रात में ग्रामीण की तलाश नहीं की जा सकेगी।