अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर स्थित बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर चल रहे राज्यस्तरीय क्रि केट टूर्नामेंट में मंगलवार को हुए दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर व इलाहाबाद के बीच रोमांचक मैच हुआ। सांसों को रोक देने वाले इस मैच में कानपुर ने इलाहाबाद को मात्र एक रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। कानपुर के जिम्मी को मैच जिताने में अहम रोल अदा करने पर मैन आफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने न सिर्फ 20 रन बनाए, वरन 1 विकेट लेने के साथ ही दो खिलाड़ियों को रन आउट भी किया। 11 जनवरी को कानपुर व आगरा के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में बीएन इंटर कॉलेज मैदान में स्व. रामबाबू मेमोरियल राज्यस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन चल रहा है। मंगलवार को दूसरा सेमीफाइनल मैच कानपुर व इलाहाबाद के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले की उम्मीद में पहुंचे बड़ी संख्या में दर्शकों को मायूस नहीं होना पड़ा। मैच के अंतिम बाल तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि बाद में कानपुर ने 1 रन से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर कानपुर ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 141 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें राहुल ने 34, जिम्मी ने 20, अर्चित ने 19, सोमदत्त ने 17, उत्कर्ष ने 13 रन योगदान यिदा, जबकि 32 अतिरिक्त रन आए। इलाहाबाद की तरफ से गेंदबाजी करते हुए गौरव ने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट, नितिन ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट, कुंदन ने 2 ओवर में 12 रन देकर 1 विकेट, विवेक ने 3 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट व कनक ने 4 ओवर में 25 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाहाबाद ने ठोस शुरुआत की। कभी इलाहाबाद का पलड़ा भारी पड़ता, तो कभी कानपुर का। एक समय ऐसा लगा कि इलाहाबाद मैच जीत जाएगी, तो कानपुर के जिम्मी ने दो खिलाड़ियों को रन आउट कर इलाहाबाद को तगड़ा झटका दिया। आखिरी बाल तक कड़े मुकाबले के बीच इलाहाबाद मात्र 1 रन से हार गई। इलाहाबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 140 रन बनाए। इसमें शनि पांडेय ने 24, रवि ने 21, कुंदन ने 20, नितिन ने 18, प्रियांशु ने 11 रन का योगदान दिया, जबकि 30 अतिरिक्त रन आए। कानपुर की तरफ से मनोज ने 4 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट, पीके ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट, विनायक ने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट, जिम्मी ने 4 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया। आलराउंड प्रदर्शन पर जिम्मी को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। अंपायर की भूमिका आनंद सिंह व शशिभूषण पांडेय तथा स्कोरर की जिम्मेदारी सत्यम यादव ने निभाई। इससे पहले मुख्य अतिथि अकबरपुर नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन चंद्रप्रकाश वर्मा व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विजय तिवारी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान संतोष अग्रवाल, शिवकुमार वर्मा, सभाजीत वर्मा, संजय पांडेय, नीरज तिवारी, रज्जन शुक्ला, राकेश सोनकर, संदीप जान, अनुराग उपाध्याय आदि मौजूद रहे। आयोजन समिति से जुड़े राकेश सोनकर ने बताया कि 11 जनवरी को कानपुर व आगरा के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।