एक क्विंटल काली मिर्च के साथ तस्कर गिरफ्तार
रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी के 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सुकुमार देव वर्मा ने बताया गुरुवार को अगैया के चौराहे के पास मुख्य आरक्षी मोहम्मद अशरफ, विनय, प्रदीप करकट, परवेज, शिवसागर गश्त कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति नेपाल की ओर से बोरे में वस्तु के साथ आता दिखाई दिया।
उसे रोक कर तलाशी ली गई तो युवक के पास से एक क्विंटल काली मिर्च बरामद हुई। सहायक कमांडेंट ने बताया कि काली मिर्च को कस्टम के सुपुर्द कर युवक को जेल भेज दिया है। उसकी पहचान अहमद राजा जुलाह निवासी जैसपुर वार्ड नंबर तीन नेपालगंज के रूप में हुई है। बरामद काली मिर्च की कीमत 35 हजार रुपये बतायी जा रही है।
रोजगार मेले में 123 युवाओं को मिली नौकरी
बहराइच। राजकीय आईटीआई व उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में का शुभारम्भ डीएम अजयदीप सिंह व सीडीओ राकेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में 13 कम्पनियों ने भाग लिया।
रोजगार मेले में 528 अभ्यर्थियाें द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसमें राजकीय आईटीआई से 50 तथा कौशल विकास मिशन से 73 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कम्पनियाें द्वारा लिए गये साक्षात्कार में 175 अभ्यर्थियों को द्वितीय सूची में बुलावा पत्र भेजने का आश्वासन दिया गया।
डीएम अजय दीप सिंह ने कहा कि रोजगार के बिना जीवन सम्भव नहीं है। सीडीओ राकेश कुमार ने कहा कि भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा है कि नवयुवकों को रोजगार मिले।
बुखार से मासूम की मौत
बहराइच। श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर सिटकहना निवासी विनीता (डेढ़) पुत्री शोभा को बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया था। गुरुवार दोपहर में इलाज के दौरान विनीता की मौत हो गई।
परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए हैं। उधर बुखार और डायरिया से पीड़ित नौ और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें एक रोगी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्कूल से खिचड़ी का नमूना जांच को भेजा
घाघराघाट। जरवल के फूड इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने गुरुवार को दो स्कूलों में पहुंचकर मिडडेमील की गुणवत्ता जांची। नमूना जांच के लिए भेजा है। जरवल विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय तपेसिपाह में फूड इंस्पेक्टर ने बन रही खिचड़ी का नमूना लिया।
इसके बाद आदमपुर के प्राथमिक विद्यालय में चावल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। फूड इंस्पेक्टर के अचानक विद्यालय पहुंचकर नमूना लेने से अध्यापकों में खासी बेचैनी रही। फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि डीएम के निर्देश पर क्षेत्र के विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता जांची जा रही है। इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है।