गोंडा। शहर के अंबेडकर चौराहे के पास गुरुवार की शाम सब्जी खरीदने गई बैंक कर्मचारी की पत्नी को बाइक सवार लुटेरों ने धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद तमंचे से धमकाकर एक लाख रुपये के गहने लूट लिए। डरी-सहमी महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और परिवारीजनों को वारदात की जानकारी दी। महिला के भाई ने डायल 100 पुलिस को फोन करके लूट की सूचना दी। इसके बाद पहुंचे डायल 100 के पुलिसकर्मियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र के रहने वाले सत्येंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बहन विद्यावती पत्नी घनश्याम दास कनौजिया सिविल लाइंस में अंबेडकर चौराहे के समीप रहती हैं। सत्येंद्र के मुताबिक उनके बहनोई इलाहाबाद बैंक में अधिकारी हैं। सत्येंद्र ने बताया कि गुरुवार की देर शाम उनकी बहन सब्जी खरीदने के लिए अंबेडकर चौराहे के पास गई थी, तभी बाइक सवार दो लुटेरों ने उनकी बहन को धक्का देकर गिरा दिया और तमंचे से धमकाकर उनकी सोने की चेन, बाला व अंगूठी लेकर भाग निकले। सत्येंद्र कुमार ने लूटे गए गहनों की कीमत एक लाख रुपये बताई है। सत्येंद्र ने डायल 100 पर फोन कर मामले की सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। सत्येंद्र कुमार ने कोतवाली नगर में बाइक सवार दो लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि लूट की सूचना मिली है। मगर अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बाइकर्स गैंग की दहशत, महिलाओं ने बंद की मॉर्निंग वाक
शहर की कॉलोनियों एवं मोहल्लों में बाइकर्स गैंग की दहशत बरकरार है। बाइकर्स गैँग की दहशत के कारण कॉलोनी और मोहल्लों में युवतियों और महिलाओं ने मॉर्निंग वाक बंद कर दी है। महिलाएं शाम के वक्त भी कॉलोनियों में टहलती हुईं अब नजर नहीं आती हैं। बाइकर्स गैंग के सदस्य सुबह-शाम कॉलोनी व मोहल्लों में फर्राटा भरते हैं। इसी बीच कोई युवती या महिला नजर आई तो उसके रुपये व गहने लूटकर फरार हो जाते हैं। महिलाएं और युवतियां थाने का चक्का लगाने से बचने के लिए एफआईआर दर्ज कराने थाने नहीं जाती हैं।