छात्रों ने सौंपा कुलपति को ज्ञापन
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने गुरुवार को अवध विश्वविद्यालय के कुलपति को एक ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में कहा गया है कि विवि से संबद्ध समस्त महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई। इसके बाद 200 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क लिया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष और परास्नातक प्रथम वर्ष का अंकपत्र महाविद्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में छात्र प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं।
ज्ञापन में कहा है कि छात्रहित में अंकपत्र शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रवेश प्रक्रिया बिना विलंब शुल्क 30 सितम्बर तक बढ़ाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में छात्रनेता अजय आजाद, सूर्यभान आजाद, गौरव सागर, शाहनेवाज खान, आलोक सिंह, शिवांशु तिवारी, राजेश वर्मा, अभिषेक सागर, शुभम मिश्र, कैलाश मिश्र, संजय वर्मा शामिल रहे।