लखनऊ। आलमबाग के 1300 घरों व दुकानों की बिजली सोमवार को करीब नौ घंटे तक गुल रही। टेलीकॉम कंपनी के फाइबर केबल बिछाने के दौरान 11 हजार वोल्ट के केबल कटने से यह बिजली संकट उत्पन्न हुआ। दोपहर 12 बजे गुल हुई बिजली रात नौ बजे तक चालू नहीं हो सकी।
रामनगर सहित आसपास के उपभोक्ताओं ने बताया कि आपूर्ति ठप होने से परिवार गर्मी में बेहाल हो गए। शाम को पानी का भी संकट खड़ा हो गया। इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए, जिससे रात में घरों में अंधेरा हो गया। आलमबाग बाजार के कुछ हिस्से में बिजली न होने से तय समय से पहले ही बंद हो गए। उधर, अधिशासी अभियंता योगेश जायसवाल ने बताया कि वैकल्पिक तरीके से दो बार बिजली चालू करने की कोशिश की गई, मगर सफलता नहीं मिली। इस कारण जिस जगह बिजली केबल कटा था, उसे ही ठीक करारा गया है।