उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने 2018 में आयोजित लिखित परीक्षाओं में अनुचित तरीके अपनाने वाले 129 अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इन अभ्यर्थियों को एक से तीन वर्ष के लिए आयोग की आगामी परीक्षाओं से डिबार करते हुए अन्य सभी चयन बोर्डों व आयोगों को इस संबंध में सूचित कर दिया है। अन्य आयोग भी इन्हें अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं में अवसर न देने का निर्णय कर सकते हैं।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि आयोग ने वर्ष-2018 में सम्मिलित व्यायाम प्रशिक्षक एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी व प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, विधान भवन रक्षक एवं वन रक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी-ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) व समाज कल्याण पर्यवेक्षक सामान्य चयन प्रतियोगी परीक्षाएं कराई थीं। इन परीक्षाओं में 129 अभ्यर्थियों के खिलाफ अनुचित तरीके अपनाने को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने (मुन्नाभाई), ओएमआर-प्रश्नपत्र ले जाने, प्रवेश पत्र बदलकर परीक्षा देने जैसे मामले शामिल हैं।