श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरू होने के साथ ही दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ने से यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। इसके साथ ही अयोध्या को विश्व पर्यटन नगरी बनाने का काम शुरू हो गया। श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो इसके लिए श्रीराम मंदिर के आसपास लगभग सवा सौ करोड़ रुपये से यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने का नया प्लान तैयार किया गया है। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
अयोध्या में श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने से साकेत कॉलेज से नया घाट मुख्य मार्ग और श्रीराम जन्मभूमि परिसर पर बन रहे श्रीराम मंदिर क्षेत्र के आसपास यातायात का दबाव महसूस किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने इसी के मद्देनजर श्रीराम जन्मभूमि परिसर के आसपास सड़कों को बेहतर बनाने की रणनीति तैयार की है। कोशिश है कि श्रीराम मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच हर तरफ से हो। इसके लिए चारों ओर से परिसर तक जाने वाली सड़कों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्लान बनाया गया है।
नाम न छापने की शर्त पर लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अफसर ने बताया कि प्रस्तावित सड़कों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने अयोध्या के विकास कार्यो की समीक्षा में इन सड़कों को लेकर समीक्षा की है।