रायबरेली। ब्लॉकों में बीडीओ से अधिक अन्य कर्मचारी तक समय से नहीं पहुंच रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की रोजाना हाजिरी की समीक्षा करने के लिए वाट्सअप पर उपस्थिति रजिस्टर की कॉपी मंगवायी जा रही है, लेकिन सोमवार को रोहनियां, ऊंचाहार, दीनशाह गौरा, सलोन और महराजगंज के खंड विकास अधिकारियों ने हाजिरी की रिपोर्ट नहीं भेजी। जिन बीडीओ ने रिपोर्ट भेजी भी, उनमें नाम तक स्पष्ट नहीं है। इससे नाराज सीडीओ ने सभी बीडीओ को अल्टीमेटम दिया गया है कि हर रोज सुबह 10.05 बजे हाजिरी रिपोर्ट न आने पर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने सुबह नौ बजे दफ्तर खोलने के आदेश दिए हैं, लेकिन ब्लॉकों के अधिकारी और कर्मचारी मनमानी पर अमादा है। सुबह 10 बजे तक भी तमाम बीडीओ और कर्मचारी ब्लॉकों में नहीं पहुंच रहे हैं। मनमानी पर शिकंजा कसने के लिए सीडीओ ने हररोज हाजिरी रिपोर्ट वाट्सअप पर भेजने के आदेश दिए हैं, लेकिन बीडीओ सीडीओ के आदेश को नहीं मान रहे हैं। सोमवार को पांच ब्लॉकों के बीडीओ ने रिपोर्ट नहीं भेजी। कुछ ब्लॉकों से सुबह 10.35 बजे तक रिपोर्ट तो आई, लेकिन रिपोर्ट पढ़ने योग्य नहीं रही। सीडीओ ने गंभीर रुख अपनाते हुए बीडीओ को आखिरी बार अल्टीमेटम देकर समय से रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि समय से हाजिरी रिपोर्ट न आने पर संबंधित खंड विकास अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। समय से अधिकारियों व कर्मचारियों की ब्लॉकों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ही यह निर्णय लिया गया है।