अविश्वास प्रस्ताव पर तारीख पर तारीख
सीतापुर। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का फैसला नहीं हो पा रहा है। बुधवार को भी नामित जज नहीं आए। लिहाजा, अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। हालांकि जिला पंचायत दफ्तर में इसे लेकर गहमागहमी का माहौल बना रहा।
उधर, दो बार तारीख तय होने के बाद भी अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया सम्पन्न नहीं होने पर अब तीसरी बार तारीख मुकर्रर करने के लिए डीएम शीतल वर्मा ने जिला जज को पत्र लिखा है।
सीतापुर में जितेंद्र यादव जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। भाजपा नेता शिवकुमार गुप्ता की अगुवाई में डीडीसी सीमा गुप्ता ने पिछले दिनों डीएम शीतल वर्मा को हलफनामा देकर 48 सदस्यों के समर्थन का दावा करते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाने की इजाजत मांगी थी।
डीएम ने जांच के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए दो मई तारीख निर्धारित की थी। अविश्वास की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होनी थी। मगर लघु वाद न्यायाधीश सुबह 11:30 बजे तक भी नहीं पहुंचीं।
हालांकि लघु वाद न्यायाधीश की जगह अपर जिला जज विश्वनाथ करीब 11:32 बजे जिला पंचायत पहुंचे। मगर अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले खेमे की आपत्ति पर अपर जिला जज ने अविश्वास प्रक्रिया के लिए 16 मई की तारीख निर्धारित कर दी।
बाद में ये तारीख बढ़ाकर 30 मई कर दी गई मगर इसकी जानकारी प्रशासन व डीडीसी सदस्यों को नहीं हो सकी। इसके चलते 16 मई बुधवार को फिर अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय को लेकर जिला पंचायत के दफ्तर में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी।
जिला पंचायत के दफ्तर में डीडीसी मेंबर पहुंचने लगे। इसे लेकर खासी गहमागहमी बनी रही। मगर नामित जज नहीं पहुंचे। लिहाजा, अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला फिर नहीं हो पाया। इस पर डीएम ने अगली तारीख तय करने के लिए जिला जज को पत्र लिखा है।
डीपीआरओ तुलसीराम ने बताया कि, नामित जज के नहीं आने से अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया सम्पन्न नहीं हो सकी है। जबकि 30 मई की तारीख जिन जज के द्वारा दी गई थी, उनका तबादला हो गया। जिसके बाद अभी तक अगली तारीख निर्धारित नहीं की गई है।