बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान को उमड़े श्रद्धालु
रायबरेली। जिले में सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा पर भक्तों ने गंगा नदी में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। डलमऊ, सरेनी और ऊंचाहार क्षेत्र के गंगा घाटों पर सुबह से ही हजारों की तादाद में भक्तों ने पहुंचकर स्नान किया। भीड़भाड़ के चलते गंगा तट पहुंचने तक में भक्तों को मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान भक्तों ने गंगा मैया के जयकारे भी लगाए।
डलमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा पर सोमवार सुबह किलाघाट, पक्काघाट, रानी शिवालाघाट, संकटमोचन घाट, पखवारीघाट समेत सभी घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद घाटों के किनारे स्थित मंदिरों में भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। लोगों ने गंगा मैया के जयकारे लगाए। कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्र ने पुलिस टीम के साथ घाटों का जायजा लिया।
सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक, गेगासो गंगाघाट पर हजारों भक्तों ने डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की। एसओ राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौैजूद रहे। ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक, क्षेत्र के गोकना गंगाघाट पर भक्तों ने स्नान किया और पूजा-अर्चना की। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि, बुद्ध पूर्णिमा पर हजारों लोगों ने गंगा स्नान किया।