अयोध्या। फैजाबाद दुग्ध सहकारी संघ के माध्यम से संचालित साकेत डेयरी में दूध का संकट गहराया गया है, जिसके चलते उपभोक्ता परेशान हैं। जानकारी अनुसार शुक्रवार को साकेत डेयरी से दूध की आपूर्ति नहीं हो सकी, वहीं डेयरी की होमोनाइजर मशीन भी खराब हो गई है, जिसके कारण बड़ी समस्या खड़ी हो गई।
साकेत डेयरी के सामान्य प्रबंधक अमरनाथ वर्मा ने बताया कि ऑफ सीजन में जहां 50 से 60 हजार लीटर दूध उत्पादन हो जाता था, वहीं वर्तमान समय में अधिकतम पांच हजार लीटर दूध ही उपलब्ध हो पा रहा है। बताया कि डेयरी में पर्याप्त मात्रा में व्हाइट बटर एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर उपलब्ध है, जिससे मांग के सापेक्ष दूध की आपूर्ति आसानी से की जा सकती है लेकिन इसे आपस में मिक्स करने वाला होमोनाइजर मशीन खराब हो गई है जिसके कारण समस्या विकराल हो गई है। बताया कि मशीन को ठीक कराने के लिए आईडीएमसी अहमदाबाद से इंजीनियर आ गए हैं। मशीन के कुछ पार्ट्स खराब निकले, पार्ट्स मंगाने के लिए मेल भेज दिया गया है, दो दिनों के भीतर मशीन ठीक हो जाएगी।
समितियों से नहीं आ रही सप्लाई
सामान्य प्रबंधक अमरनाथ वर्मा ने स्वीकार किया कि दूध संकट के पीछे वर्तमान में समितियों का असहयोगात्मक रवैया भी है। समितियों द्वारा डेयरी को पर्याप्त सप्लाई नहीं दी जा रही है। दूधिये भी समितियों को दूध नहीं दे रहे हैं। कहना है कि दूधिये सहालग के चलते दूध बाहर ही बेच रहे हैं, जिससे भी संकट खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसी समितियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।