रुपईडीहा (बहराइच)। नेपालगंज के जिला मुख्यालय बांके में न्यू रोड पर स्थित एक सराफा व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर छापा मारकर नेपाल पुलिस ने 21 किलो चांदी व 400 ग्राम सोना बरामद किया है।
बांके पुलिस अधीक्षक टेक बहादुर तमांग ने बताया कि अरसे से भारतीय सीमा से सोने-चांदी की खेप आने की सूचना मिली रही थी। इस पर बांके की स्पेशल टीम को सक्रिय किया गया था। सोमवार को एक बार फिर सोने-चांदी की खेप आने की सूचना मिली।
इस पर न्यू रोड स्थित सोनू राई के यहां छापेमारी कर उनके कब्जे से 21 किलो चांदी व 400 ग्राम साोना बरामद किया गया है। इसके अलावा हाथी के पूंछ से बना 12 अदद बाला भी पुलिस के हाथ लगा है।
उन्होंने कहा कि सोनू को पुलिस कार्यालय में रखकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि सोने-चांदी की तस्करी पर अंकुश के लिए सीमा क्षेत्र में पुलिस टीम को अलर्ट किया गया है।