बाराबंकी। वित्त विहीन शिक्षकों के बहिष्कार के बीच दोपहर बाद से कॉपियों का मूल्यांकन कार्य शुुरू हुआ। पहले दिन उपप्रधान परीक्षकों (डीएचई) 73 टीमों ने 987 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। सुबह से दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर वित्त विहीन शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षकों से समर्थन मांगा तो नारेबाजी भी की। वहीं, इस दौरान विधायक उपेंद्र रावत पहुंचे और शिक्षकों को उनकी मांगें शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
राजकीय इंटर कॉलेज में 26 कमरों में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतिदिन एक परीक्षक को 45 कॉपियों को चेक करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस केंद्र पर 37 उप प्रधान परीक्षक की टीमों ने इंटरमीडिएट की 387 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के पहले दिन 240 परीक्षकों ने अपनी उपस्थिति केंद्र पर दर्ज कराई। जबकि इस केंद्र पर 65 उप प्रधान परीक्षक व 576 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर 25 कमरों में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इस केंद्र पर शनिवार को 36 उप प्रधान परीक्षक की टीमों ने हाईस्कूल की 600 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। पहले दिन इस केंद्र पर 249 परीक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जबकि इस मूल्यांकन केंद्र पर 63 उप प्रधान परीक्षक व 601 परीक्षकों की ड्यूटी परिषद द्वारा लगाई गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक बाराबंकी नंदलाल सिंह ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य दो केंद्रों पर शुरू करा दिया गया है, जिसकी जिम्मेदारी मूल्यांकन केंद्रों के उप नियंत्रक को दी गई है।
90 फीसदी से अधिक अंक वाली उत्तर पुस्तिकाएं रिचेक करें डीएचई
मूल्यांकन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल सिंह ने उप प्रधान परीक्षकों के साथ बैठक की। डीआईओएस ने उप प्रधान परीक्षकों से कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक अंक देने वाले परीक्षकों की उत्तर पुस्तिकाएं वह स्वयं चेक करें, तभी मूल्यांकन का मकसद पूरा होगा। सभी डीएचई अपनी टीम के परीक्षकों की हर गतिविधि पर नजर रखें। अगर, उनके पास बाहर से कोई मिलने आ रहा है तो उस पर प्रतिबंध लगाया जाए।
बोर्ड को ऑनलाइन भेजी जाएगी सूचना
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद को ऑनलाइन भेजनी होगी। इसकी जिम्मेदारी मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक को सौंपी गई है। उप प्रधान परीक्षक व परीक्षक की उपस्थिति 12 बजे तक तो मूल्यांकित की गई उत्तर पुस्तिकाओं का ब्यौरा शाम पांच बजे तक भेजना होगा। ऐसे में समय पर न पहुंचने वाले परीक्षक अनुपस्थित माने जाएंगे।
एक केंद्र की प्रदेश उपाध्यक्ष तो दूसरे की जिलाध्यक्ष ने संभाली कमान
अपनी मांगों को लेकर वित्त विहीन शिक्षक महासभा के बैनर तले शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया, जिसका असर भी मूल्यांकन पर परीक्षकों व उप प्रधान परीक्षकों की कमी के रूप में दिखा। मूल्यांकन के पहले दिन शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कमान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष तेज कुमार उपाध्याय व राजकीय इंटर कॉलेज की कमान जिलाध्यक्ष रामकुमार वर्मा ने संभाली। इस मौके पर रामकिशोर शुक्ल, मो. एहरार, अवधेश वर्मा, प्रभाकांत अवस्थी आदि मौजूद रहे।