सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात वाहन ने एक मुनीम को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शव को अनगिनत वाहन रौंदते रहे। सुबह होने पर पुलिस को जानकारी हो सकी, जिसके बाद सड़क से शव को खुरचकर उठाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।। परिवारीजनों ने कपड़ों की मदद से शव की शिनाख्त की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलम नगर निवासी गया प्रसाद गुप्ता (55) रामकोट थाना क्षेत्र के खगेसियामऊ में एक रस्क फैक्ट्री में मुनीम था। वह बुधवार सुबह फैक्ट्री गया था। वहां पर काम निपटाने के बाद शाम के वक्त फैक्ट्री से घर के लिए निकला।
इसी बीच खगेसियामऊ के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने गया प्रसाद गुप्ता को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर ही गिर गया और वाहन का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। इसमें उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना में हैरानी की बात यह रही, कि बीच सड़क पर मुनीम की मौत के बाद भी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। नतीजा हाईवे पर दौड़ रहे अनगिनत वाहनों के पहिए शव को रौंदते हुए आगे बढ़ते रहे। नतीजा शव का अधिकांश हिस्सा वाहनों के पहियों में चिकपकर गायब होता रहा।
गुरुवार सुबह होने पर क्षेत्र के नागरिकों ने मांस के टुकडे़ व खून से सनी सड़क देख सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे को खुरचकर मांस एकत्र किया और उसकी गठरी बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, देर रात तक गया प्रसाद के घर न पहुुंचने पर परिवारीजन उसकी तलाश में निकल पड़े।
खगेसियामऊ पहुंचने पर परिवारीजनों को खबर मिली कि रात में सड़क हादसे में किसी की मौत हुई है। इस पर परिवारीजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की। पुलिस का तर्क था कि घना कोहरा होने से हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।
रामकोट थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला कटीली पुलिस चौकी क्षेत्र का है। वहीं कटीली पुलिस चौकी के प्रभारी जुनैद अहमद का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बता रहा था। शव की शिनाख्त गया प्रसाद गुप्ता के पुत्र मोहित ने की है।
सड़क हादसे में मजदूर की मौत
मछरेहटा। थाना क्षेत्र में बुधवार रात सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ग्राम गद्दीपुर पौड़ावर निवासी रजनू (35) मजदूर था। बुधवार रात वह गांव के ही नन्हे के ट्रैक्टर पर सवार होकर खैराबाद से घर आ रहा था।
रास्ते में आदिलपुर के निकट रजनू झटका खाकर सड़क पर गिर गया। इसी बीच ट्रॉली का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। जिसकी वजह से रजनू की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन स्वामी ने शव को मृतक के घर पहुंचाया। थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने बताया कि रजनू के परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव की अंत्येष्टि कर दी है।