बाराबंकी। रामसनेहीघाट व असंद्रा थाना क्षेत्र में हुई लूट की दो वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों में दो फैजाबाद जिले के निवासी हैं। इनके पास से पुलिस ने 1.30 लाख की नकदी, तमंचा, कारतूस व एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एएसपी दक्षिणी शशीकांत तिवारी ने पुलिस लाइंस में पत्रकार वार्ता में बताया कि रामसनेेहीघाट कोतवाली पुलिस ने तीन लुटेरे शोएब, रहमान दोनों निवासी सफीनगर थाना रुदौली जनपद फैजाबाद व अहमद निवासी नूरबाग मोहल्ला थाना टिकैतनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूट के 1.30 लाख रुपये, दो तमंचा, दो कारतूस व चोरी की एक बाइक बरामद की है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि 16 अगस्त को सोनौली गांव के पास एक दंपती से सोने की चेन व नकदी और 26 सितंबर को किसान अवधेश कुमार मिश्रा से दरियाबाद मार्ग पर 2.70 लाख की नकदी लूटी थी। इसके अलावा बदमाशों ने फैजाबाद व लखनऊ जिलों में भी लूट की कई वारदातें करने की बात कही है। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इन लुटेरों को पकड़ने वाली टीम में शामिल एसओ रामसनेहीघाट बृजेश तिवारी, नरेंद्र सिंह, बैजनाथ, रणविजय, पप्पू कुमार, वीर प्रताप आदि पुलिस टीम को एसपी ने पुरस्कृत करने की बात कही है।