लखनऊ। बलरामपुर चिकित्सालय के डॉक्टरों ने एक साल के मासूम के गुर्दे से 1.2 किलो का ट्यूमर निकालकर उसकी जान बचाने में कामयाबी हासिल की है। ऑपरेशन के बाद बच्चे की सेहत में सुधार है।
विज्ञापन
सीतापुर के बिसवां निवासी रियांश को दो महीने पहले पेट फूलने के साथ खाने-पीने में दिक्कत हुई। परिजनों ने नजदीकी अस्पताल में दिखाया पर राहत नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने 28 अक्तूबर को बच्चे को लेकर बलरामपुर अस्पताल में पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. अखिलेश को दिखाया। जांच में पता चला कि मासूम के बाएं गुर्दे में बड़ा ट्यूमर है।
छह नवंबर को करीब चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी कर गुर्दे से 1.2 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला गया। डॉक्टर अखिलेश ने बताया कि बच्चे को विल्म्स ट्यूमर (नेफ्रोब्लास्टोमा) था। बच्चे के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। अस्पताल में बच्चे का मुफ्त ऑपरेशन किया गया। निजी में इस ऑपरेशन का खर्च करीब दो लाख रुपये आता। अस्पताल के निदेशक ने पूरी चिकित्सीय टीम, सर्जन और एनेस्थीसिया विभाग को बधाई दी है।