हाईवे पर डीसीएम से 300 गत्ते मसाला लूटा
बाराबंकी। उन्नाव से गोल्डी मसाला लादकर बस्ती जिला जा रहे एक डीसीएम के चालक को अयोध्या हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश डीसीएम में लदे मसाला के तीन सौ गत्ते लूटकर भाग गए। किसी तरह थाने पहुंचे चालक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
डीसीएम चालक कुलदीप निवासी ग्राम सीताराम खेड़ा थाना बीघापुर उन्नाव शुक्रवार रात मंदनापुर उन्नाव से गोल्डी मसाला लादकर बस्ती जा रहा था। तभी सफदरगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने डीसीएम रुकवाया और कुलदीप के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया।
इसके बाद डीसीएम में लदे पांच सौ गत्ते मसाले में से करीब तीन सौ गत्ते लूटकर भाग गए। राहगीरों ने जब हाईवे किनारे चालक को पड़ा देखा तो उसके हाथ-पैर खोले। इसके बाद कुलदीप ने थाने जाकर घटना की सूचना दी।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जहां घटना होने की बताई गई वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में लूट जैसी बात सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।