मेडिकल कॉलेजों में संविदा पर नियुक्त होंगे चिकित्सक
इलाहाबाद, बदायूं, झांसी, जालौन के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जारी किया शासनादेश
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। राजकीय मेडिकल कॉलेज इलाहाबाद, जालौन, बदायूं और झांसी में खाली पड़े चिकित्सा शिक्षकों के रिक्त पदों को संविदा से भरा जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मंगलवार को इसका शासनादेश जारीकर दिया। संविदा चिकित्सकों की तैनाती एक साल के लिए या नियमित नियुक्ति होने से पहले के लिए ये तैनाती होगी।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासनादेश के अनुसार संविदा पर तैनात शिक्षक ओपीडी के दिन प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं करेंगे। प्राइवेट प्रैक्टिस करने की स्थिति में उसे अपनी जगह बतानी होगी। चिकित्सा शिक्षक मरीजों को प्राइवेट में देखने के लिए मजूबर नहीं कर सकेंगे। उन्हें मेडिकल कॉलेज में आकस्मिक, आपदा सेवाओं के लिए हमेशा उपलब्ध रहना होगा। इसके अलावा उन्हें निर्धारित नियत वेतन के अतिरिक्त अन्य किसी प्रकार के वेतन-भत्ते, सेवागत लाभ के हकदार नहीं होंगे। इन चिकित्सा शिक्षकों का कहीं तबादला नहीं किया जाएगा। संविदा के समय के लिए किसी प्रकार की पेंशन संबंधी सुविधाएं भी इन्हें नहीं दी जाएंगी और न ही कोई बोनस दिया जाएगा। संविदा शिक्षकों को 22 जनवरी 2015 को जारी शासनादेश के अनुसार वेतन दिया जाएगा।