अयोध्या। रामनगरी में आयोजित सरयू महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिवसीय सरयू महोत्सव का उद्घाटन 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इससे पूर्व वे रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास के 80वें जन्मोत्सव पर आयोजित संत सम्मेलन का भी उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शनिवार को महापौर, नगर विधायक के साथ आला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल सरयू घाट, राम की पैड़ी परिसर व मणिराम छावनी का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री सबसे पहले अशर्फी भवन जाएंगे, जहां ज. गु. श्रीधराचार्य से भेंट के बाद मणिरामदास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा संत-सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नयाघाट पर सरयू महोत्सव का भी सीएम शुभारंभ करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अयोध्या में करीब पौने तीन घंटे रहेंगे। शनिवार को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त, मंडलायुक्त मनोज मिश्र, डीआईजी ओंकार सिंह, डीएम डॉ. अनिल कुमार, एसएसपी डॉ. मनोज कुमार, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, सरयू महोत्सव के संयोजक व आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास व महापौर ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि सरयू घाट, मणिराम छावनी, राम की पैड़ी परिसर, हनुमानगढ़ी, रामजन्मभूमि क्षेत्र सहित 10 स्थलों पर 24 घंटे सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। राम की पैड़ी, सरयू घाट को चमकाने पर विशेष फोकस है।
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ 25 जून को दोपहर 2:45 बजे हवाई पट्टी फैजाबाद पहुंचेंगे। 2:50 बजे हवाई पट्टी फैजाबाद से कार द्वारा प्रस्थान कर 3:05 बजे अशर्फी भवन अयोध्या पहुंचेंगे। 3:20 बजे अशर्फी भवन अयोध्या से प्रस्थान कर 3:25 बजे मणिरामदास छावनी अयोध्या पहुंचेंगे, यहां 3:25 से 4:25 तक महंत नृत्यगोपालदास जी के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। 4:25 बजे मणिरामदास छावनी अयोध्या से प्रस्थान कर 4:35 बजे सरयू घाट पहुंचेंगे, जहां वह पांच बजे तक रहेंगे। 5 बजे नया सरयू घाट अयोध्या से प्रस्थान कर 5:20 बजे हवाई पट्टी फैजाबाद पहुंचकर 5:25 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
आज आएंगे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा
प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा रविवार को अयोध्या पहुंचेंगे और श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारेाह में शामिल होंगे। डिप्टी सीएम रविवार दोपहर एक बजे लखनऊ से कार द्वारा चलेंगे और तीन बजे अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद वे रामजन्मभूमि, हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे। दर्शन के बाद महंत नृत्य गोपालदास महाराज के जन्मोत्सव में सम्मिलित होंगे। इसके बाद 4:10 से 4:40 बजे तक मानस भवन, परिक्रमा मार्ग अयोध्या में माध्यमिक, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम 4:45 बजे कार से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
2013 से शुरू हुई सरयू की नित्य महाआरती
आंजनेय सेवा संस्थान के तत्वावधान में वर्ष 2013 से मां सरयू की नित्य आरती का शुभारंभ सहस्रधारा घाट पर किया गया था। संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा तिथि को सरयू महोत्सव के आयोजन की नींव डाली। वर्ष 2016 में जिला प्रशासन द्वारा संस्थान की नित्य आरती के लिए बजट भी दिया गया। प्रत्येक माह की पूर्णिमा पर होने वाली आरती के लिए 15 हजार रुपये प्रशासन ने देना शुरू किया। 2017 में यह बजट बंद हो गया। महंत शशिकांत दास बताते हैं कि प्रतिदिन 1001 बत्ती की महाआरती की जाती है, जिस पर करीब तीन हजार का खर्च आता है। ऐसे में बजट बंद किए जाने से धनाभाव का संकट आया, लेकिन मां सरयू की कृपा व संतों, भक्तों की सहयोग से आरती निरंतर संचालित होती रही। बताया कि इस वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू महोत्सव को भव्य बनाने के लिए बजट भी दे दिया है।
महोत्सव में होंगे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम
सरयू महोत्सव में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आयोजक महंत शशिकांत दास ने बताया कि 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उज्जैन के शर्मा बंधुओं द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इसी दिन सायंकाल मां सरयू की भव्य झांकी भी सजेगी। 25 से 28 जून तक प्रतिदिन सायंकाल 7 से 9 बजे तक प्रेममूर्ति प्रेमभूषण श्रीरामकथा सुनाएंगे। वैदिक पंडितों द्वारा श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ भी होगा। 26 जून को बनारस घराने की शास्त्रीय गायिका ममता शर्मा की प्रस्तुति होगी। 27 जून को अली बंधु सांस्कृतिक संध्या का आकर्षण होंगे। 28 जून को मां सरयू का दुग्धाभिषेक के साथ पूजन एवं भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।