दो मेडिकल स्टोर सीज, डेढ़ लाख की दवाएं जब्त
बाराबंकी। बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे दो मेडिकल स्टोर शनिवार को सीज कर इनके संचालकों के खिलाफ फतेहपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जांच के दौरान मौके से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की दवाएं जब्त की गई हैं।
एफएसडीए के सहायक आयुक्त औषधि फैजाबाद एसके चौरसिया ने बताया कि, औषधि निरीक्षक फैजाबाद प्रमोद सिंह रस्तोगी, औषधि निरीक्षक सुल्तानपुर अनीता, औषधि निरीक्षक अमेठी संजय और जिले के डीआई सुमित वर्मा की टीम के साथ शनिवार को फतेहपुर क्षेत्र के हसनपुर टांडा में बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा गया।
टीम को देख मेडिकल स्टोर संचालक भागने लगे। इस पर उन्हें दौड़ाकर पकड़ा गया। सहायक आयुक्त ने बताया कि, जांच के दौरान दोनों मेडिकल स्टोरों से करीब डेढ़ लाख की दवाएं बरामद हुईं। मगर संचालक इनकी खरीद फरोख्त के कोई अभिलेख नहीं दिखा सके।
जिस पर इन दवाओं को जब्त कर लिया गया। इसके अलावा इनके पास मेडिकल स्टोर संचालित करने का लाइसेंस भी नहीं था। जांच के दौरान दोनों मेडिकल स्टोर अपने बचाव में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
जिस पर मेडिकल स्टोर संचालक जयहिंद कुमार और उमेश कुमार निवासी हसनपुर टांडा के खिलाफ फतेहपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उधर, हसनपुर टांडा में मेडिकल स्टोरों पर मंडलीय टीम द्वारा की जा रही छापेमारी की सूचना जैसे ही सिहाली, तिलोकपुर, सदरुद्दीनपुर, देवा, बिशनुपर, सुढियामऊ और फतेहपुर के मेडिकल स्टोर संचालकों को मिली वे सभी अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग गए।