जरवल (बहराइच)। पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने रविवार को जरवल नगर पंचायत के मोहल्लों में छापेमारी की। बिजली चोरी करने पर आठ लोगों पर केस दर्ज कराया है। अभियान में दो लाख रुपये की वसूली की गई। आठ उपभोक्ताओं के विद्युत भार बढ़ाए गए। इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही।
अधिशासी अभियंता कैसरगंज आर वेंकट रमन के नेतृत्व में पावर कॉर्पोरेशन की जांच टीम ने नगर के 105 कनेक्शनों की जांच की। अनियमितता मिलने पर आठ उपभोक्ताओं का लोड फैक्टर बढ़ाया गया। पांच उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया। बिजली चोरी के आरोप में 11 लोगों को मौके पर पकड़ा गया।
इनमें से तीन लोगों ने अधिकारियों को 46 हजार रुपये अर्थदंड दिया। आठ लोगों ने अर्थदंड नहीं जमा किया। इस पर हसान पुत्र मोहम्मद अख्तर, समीरुन्निशा पत्नी अताउल्ला, शफी, मोहम्मद अली समेत आठ लोगों जरवलरोड थाने में केस दर्ज कराया गया। वहीं टीम ने जांच के दौरान उपभोक्ताओं से दो लाख रुपये की बकाया बिजली बिल की वसूली की।