सिधौली (सीतापुर)। जिले में आदमखोर कुत्तों का आतंक अभी थमा नहीं है। रविवार को सिधौली क्षेत्र में आदमखोर कुत्ते ने दो बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से एक बच्चा घायल हो गया, जबकि दूसरे बच्चे ने पास के माइनर में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बालक गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था।
सिधौली कोतवाली क्षेत्र के जुधौरा गांव निवासी राजेंद्र का पुत्र नितिन (8) गांव के ही श्यामलाल के पुत्र अभिषेक (9) के साथ रविवार को गांव के बाहर माइनर की तरफ गया था। वह माइनर के पास खेल रहे थे, इसी बीच वहां पर आदमखोर कुत्ता आ गया। इससे पहले कि बच्चे कुछ समझ पाते, कुत्ते ने हमला बोल दिया। कुत्ते ने नितिन को दबोचा तो अभिषेक वहां से भाग निकला। अभिषेक ने शोर मचाते हुए पास के माइनर में छलांग लगा दी। बालक की पुकार सुनकर क्षेत्र के बाशिंदे लाठी-डंडा लेकर घटनास्थल की तरफ दौड़े। तब तक नितिन गंभीर रूप से घायल हो चुका था। परिवार के सदस्यों ने उसे क्षेत्र के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर बालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस हमले की वजह से क्षेत्र में आदमखोर कुत्तों की दहशत फैल गई है। लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।