बहराइच। जनपद की विद्युत आपूर्ति गोंडा से बिना सूचना के दोपहर में अचानक ठप हो गई। इससे दूरदराज से आए जायरीन समेत जनपद की 37 लाख की आबादी गर्मी से बिलबिला रही है। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अचानक ठप हुई आपूर्ति से भीषण गर्मी में लोगों के सामने सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल की हुई है। जनपद की विद्युत व्यवस्था भीषण गर्मी में लोगों को बेहाल किए है। दरगाह का जेठ मेला भी शुरू हो गया है। रविवार को मेले का मुख्य दिन था। लगभग 13 से 14 लाख जायरीन शहर में हैं।
निरंतर आमद हो रही है। लेकिन मुख्य मेले के बावजूद शहर के साथ पूरे जिले की विद्युत आपूर्ति दोपहर 11:30 बजे ठप कर दी गई। पहले तो लोगों ने समझा ट्रिपिंग है, लेकिन काफी देर तक विद्युत सप्लाई न होने पर जब उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र फोन किया तो पता चला कि गोंडा में एचटी लाइन में फाल्ट आने से पूरे जिले की बिजली काटी गई है।
सबसे ज्यादा परेशानी जायरीन को उठानी पड़ी। डीएम माला श्रीवास्तव ने मेले में बिजली व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को दिए थे। लेकिन डीएम के आदेश को धता बताते हुए रविवार को मुख्य मेले के दिन ही पड़ोसी जनपद गोंडा से बिजली गुल कर दी गई।
गोंडा जनपद में लाइनों में अचानक फाल्ट होने से बहराइच जिले की विद्युत व्यवस्था बाधित हुई है। लाइनों को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं। गोंडा के अधिकारियों के अनुसार देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने उम्मीद है।
-मोहित दीक्षित, एसडीओ