ऊंचाहार/रोहनियां (रायबरेली)। ऊंचाहार थाना क्षेत्र में सफाई कर्मचारी की बेटी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार को सुबह उसका शव तालाब के किनारे स्थित झाड़ियों में मिलने से हड़कंप मच गया। क्षेत्र के लोग जहां हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं, वहीं पुलिस पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आने की बात कह रही है। सीओ, एसओ के साथ फोरेंसिक टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। हालांकि पुलिस ने लड़की के प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। उसने रात में उससे फोन से बात भी की थी।
मुरारमऊ गांव निवासी एवं सफाई कर्मचारी राधेमोहन की बेटी चेतना (18) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही एसओ धनंजय सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ विनीत सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। बताते हैं कि रविवार की शाम युवती परिवारीजनों के साथ खाना खाने के बाद दरवाजे पर सोई थी। वहीं पर ही उसके परिवारीजन भी सो रहे थे। लेकिन वह तालाब किनारे कैसे पहुंची, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। शरीर पर कहीं भी चोट का निशान नहीं है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।
11 मई को आनी थी बारात, धरी रह गईं खुशियां
बेटी चेतना की मौत की खबर से मां कलावती अचेत होकर गिर पड़ी। साथ ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने उसकी शादी भी तय कर दी थी। 11 मई को बारात आने वाली थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं। चेतना की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।