गोंडा। नगर निकाय चुनाव में नगर की जनता जनार्दन का फैसला आज आएगा। नगर निकाय चुनाव के रणक्षेत्र में कूदे सियासी योद्धाओं में किसके सिर पर जीत का ताज होगा, इसका शुक्रवार की दोपहर तक पता चल जाएगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शुक्रवार को सुबह आठ बजे से अलग-अलग मतगणना स्थलों पर मतों की गणना शुरू होगी। जिले के सात नगर क्षेत्रों के अध्यक्ष पद के 64 और सदस्य पद के 511 उम्मीदवारों की किस्मत का आज ताला खुलेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतगणना कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी जाएगी। जिले के सात नगर निकाय क्षेत्रों की मतगणना चार स्थलों पर करायी जाएगी। मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से शुरू होगा और कार्य समाप्ति तक चलेगा। मतगणना में सभी उम्मीदवारों व उनके एजेंटों को पास के साथ इंट्री मिल सकेगी। कोई भी कर्मचारी व उम्मीदवार और एजेंट मतगणना स्थल पर मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। सभी की गेट पर मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी। पूरी मतगणना प्रक्रिया पर तीसरी आंख वीडियो कैमरे की निगहबानी में रहेगी। यही नहीं चिह्नित उम्मीदवारों व उनके एजेंट और समर्थकों की भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया जासूस लगाए गए हैं। गड़बड़ी करने वालों को प्रशासन मौके पर ही कड़ा सबक सिखाएगा। जिला प्रशासन ने सभी मतगणना स्थलों पर मजिस्ट्रेटों के अलावा पुलिस अधिकारियों की तैनाती की है। इसके अलावा इनके सहयोग के लिए भारी पुलिस, पीएसी, होमगार्ड फोर्स को लगाया गया है। इसके अलावा संवेदनशील स्थलों पर पैरामिलेट्री फोर्स को लगाया गया है। जिलाधिकारी जेबी सिंह व एसपी उमेश सिंह ने गुरुवार को सभी मतगणना स्थलों को जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला अधिकारी जेबी सिंह ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना होगी।
कयासबाजी शुरू, कहां किसकी बनेगी सरकार
गोंडा। मतगणना की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। अलग-अलग मतगणना स्थलों पर शुक्रवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इसको लेकर अध्यक्ष व सदस्य पद के उम्मीदवारों व उनके समर्थकों के दिल की धड़कनें बढ़ गई है। इसके अलावा जनता जनार्दन की भी मतगणना को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है। कहां किस नगर में किसकी सरकार बनने वाली है, इसको लेकर सियासी गलियारों के अलावा आमजन में महामंथन तेज हो गया है। हर किसी ने एक बार फिर से मतगणना कर अलग-अलग उम्मीदवारों के सिर जीत का सेहरा पहनने की कयासबाजी शुरू कर दी है। जिले के नगर पालिका परिषद के तीन व नगर पंचायत के चार क्षेत्रों में एक एक अदद अध्यक्ष व कुल 122 सदस्य पद के उम्मीदवारों को जिले के 1.61 मतदाताओं में कुल 96 हजार 225 मतदाताओं ने मतदान किया था। इन मतदाताओं ने किसके फेवर में ज्यादा मतदान किया, इसका जनादेश आज शहर के लोगों के सामने आएगा।
कहां हैं कितने उम्मीदवार कुल वार्ड अध्यक्ष सदस्य
चुनाव क्षेत्र वार्ड अध्यक्ष प्रत्याशी सदस्य प्रत्याशी
नगर पालिका परिषद गोंडा 27 12 183
नगर पालिका परिषद नवाबगंज 25 09 106
नगर पालिका परिषद करनैलगंज 25 09 100
नगर पंचायत खरगूपुर 10 10 047
नगर पंचायत मनकापुर 10 05 043
नगर पंचायत कटरा 10 07 048
नगर पंचायत परसपुर 15 12 074
कुल - 122 64 511