अगैया (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अगैया एसएसबी मुख्यालय पर तैनात एक जवान छुट्टी पर अपने घर जम्मू कश्मीर गया था। वहां से गुरुवार को उसे वापस एसएसबी मुख्यालय बहराइच पहुंचना था। गुरुवार की रात करीब 11 बजे एसएसबी मुख्यालय से एक किलोमीटर की दूरी पर जवान बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे एसएसबी अधिकारियों ने उसकी पहचान की। सीएचसी नानपारा में इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के कारण का पता नहीं लग सका है। डीआईजी ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के लिए एसएसबी की मुस्तैदी है। एसएसबी की बटालियन अगैया मुख्यालय के अलावा, मोतीपुर और सुजौली क्षेत्र में तैनात है। यहां पर जवान सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं। एसएसबी 42वीं बटालियन में तैनात मदनलाल (53) पुत्र बैसाखी जम्मू कश्मीर का निवासी था। वह उपनिरीक्षक के पद पर तैनात था। तीन साल से भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा कर रहा था। 45 दिन पूर्व वह अवकाश लेकर घर गया था। गुरुवार देर रात तक उसे ड्यूटी पर यहां पहुंचना था। रात करीब 11 बजे राहगीरों ने अगैया एसएसबी मुख्यालय के पोस्ट पर मुख्यालय से एक किलोमीटर की दूरी पर लहूलुहान युवक के पड़े होने की सूचना दी। इस पर सहायक कमांडेंट मनोज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बेहोश युवक की पहचान अवकाश पर गए एसएसबी के सब इंस्पेक्टर मदनलाल के रूप में हुई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया गया। लेकिन यहां पर उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सहायक कमांडेंट ने बताया कि एसआई के शव को देखकर लग रहा था कि जैसे उसे घसीटा गया हो। उधर, घटना की सूचना पाकर डीआईजी एसके सारंग ने अगैया पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने कहा कि एसएसबी के एसआई मदनलाल की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।