जरवलरोड/घाघराघाट (बहराइच)। घाघराघाट रेल परिसर के खेल मैदान में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ उपजिलाधिकारी कैसरगंज ने किया। पहले दिन हुई रंगोली प्रतियोगिता में तपेसिपाह की छात्राएं प्रथम रहीं। वहीं, 10 मीटर की दौड़ में साहिल हुसैन प्रथम व गुफरान द्वितीय स्थान पर रहे। प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों को उपजिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
पूर्वोत्तर रेलवे तपेसिपाह घाघराघाट के मैदान परिसर में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम कैसरगंज पंकज कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय तपेसिपाह के बच्चों ने मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आए अतिथियों का प्राथमिक शिक्षक संघ जरवल अध्यक्ष आसिफ अली, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष उबैदुर्रहमान, गिरीश यादव ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जरवल की छात्राओं ने लोकनृत्य प्रस्तुत लोगों को भावविभोर कर दिया। रंगोली प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय तपेसिपाह की छात्राएं प्रथम रहीं तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जरवल की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि 10 मीटर बालक दौड़ में बंभौरा न्याय पंचायत के साहिल हुसैन प्रथम व नरोडा न्याय पंचायत के गुफरान द्वितीय तथा अट्ठैसा न्याय पंचायत के इस्लामुद्दीन तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, खो-खो, कबड्डी, 200 मीटर की दौड़ में भी छात्रों ने दमखम दिखाया। खेल मैदान में विभिन्न न्याय पंचायतों के रंग बिरंगे झंडों के साथ संकुल प्रभारी अपने-अपने बच्चों का उत्साहवर्धन कर रहे थे।