सड़क हादसों में तीन की सांसें थमीं
पहला रीडगंज ओवरब्रिज पर तो बाकी दोनों रौनाही में फैजाबाद-लखनऊ हाईवे पर
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। जिले में बीती रात हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा रीडगंज ओवरब्रिज पर हुआ, जिसमें एक युवक जान गंवा बैठा, दूसरा हादसा रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे कीरत काटा के पास व तीसरा हादसा अरकुना चौराहे पर हुआ। इन दोनों हादसे में एक-एक युवक की मौत हो गई।
बेकाबू जीप ने बाइक सवार को कुचला
फैजाबाद। फैजाबाद-दर्शन नगर मार्ग पर स्थित रीडगंज ओवरब्रिज पर बुधवार रात करीब 10:15 पर एक बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार जीप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल 20 साल के एक नवयुवक की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर चालक को जीप समेत गिरफ्तार कर लिया है। नगर कोतवाली के अंतर्गत अंजनीपुरम कॉलोनी में रहने वाले दवा कारोबारी रामजतन वर्मा का पुत्र सचिन वर्मा उर्फ मक्खन रीडगंज से अपने घर अंजनीपुरम बाइक से लौट रहा था। इस दौरान रीडगंज ओवरब्रिज पर एक जीप ने उसे पीछे से टक्कर मार दी, इसमें सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही रामसनेही घाट के पास सचिन की मौत हो गई।
खड़े ट्रक में घुसी कार, एक की मौत, दूसरा जख्मी
सोहावल। रौनाही थाने से कुछ दूरी पर फैजाबाद-लखनऊ हाईवे पूरे कीरत कांटा चौराहे पर बुधवार रात करीब 12:45 बजे एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया, परिवारीजन उसे उपचार के लिए लखनऊ ले गए। लखनऊ के फौजी कॉलोनी में रहने वाले भूतपूर्व सैनिक सच्चिदानंद मिश्रा का 28 वर्षीय पुत्र ज्ञान मिश्रा बस्ती से वापस लखनऊ जा रहा था। जब वह रौनाही थाने से कुछ दूर पहुंचा था तभी अचानक उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। पुलिस ने उसे कार से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति को उसके परिवारीजन इलाज के लिए लखनऊ लेकर चले गए। ज्ञान शादीशुदा था व उसका एक पुत्र भी है।
ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक की जान गई, पांच घायल
सोहावल। रौनाही थाना अंतर्गत लखनऊ-फैजाबाद हाईवे पर अरकुना चौराहे के पास भोर में 3:30 बजे एक कार को ट्रक ने टक्कर मार दी, हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बाराबंकी के पीर बटावन मोहल्ले के रहने वाला 32 वर्षीय सलमान पुत्र मुस्तफा अपनी 3 बहन, 1 भाई व बहनोई के साथ कार में सवार होकर टांडा स्थित किछौछा दरगाह पर माथा टेकने जा रहा था। इस दौरान लखनऊ-फैजाबाद हाईवे पर अरकुना चौराहे के पास एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में सभी घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सलमान की मौत हो गई। घायलों में उसके भाई का कान कट गया जिसका इलाज चल रहा है, शेष को मामूली चोटें आईं हैं।