अंबेडकरनगर। जिले की सभी पांच तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 922 फरियादियों ने अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं। वहीं, इसके सापेक्ष मात्र 38 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए उसे संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
अकबरपुर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि फरियादी बड़ी उम्मीदें लेकर आते हैं। ऐसे में न सिर्फ समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण कराया जाए, बल्कि जो शिकायतें लंबित हैं, उन्हें भी अविलंब निपटाया जाए। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने लोगों से कहा कि वे छोटे-मोटे विवादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर करें। पुलिस को जरूरी फीडबैक जरूर देते रहें। यहां कुल 237 शिकायतें आईं। इसके सापेक्ष मात्र 14 शिकायतों का ही निस्तारण मौके पर हो सका। इस दौरान डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र, बीएसए अतुल कुमार सिंह, डीआईओएस विनोद सिंह, उपकृषि निदेशक रामदत्त बागला, जिला युवा कल्याण अधिकारी जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।
भीटी प्रतिनिधि के अनुसार सीडीओ उमेशनरायन पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 163 शिकायतें आईं। इसके सापेक्ष मात्र दो शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। इस मौके पर तहसीलदार गरिमा सिंह, बीडीओ शिवश्याम आदि मौजूद रहे। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार एडीएम गिरिजेश त्यागी व एएसपी ओपी सिंह की मौजूदगी में कुल 146 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इसमें 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम कोमल यादव, सीओ बीके श्रीवास्तव समेत सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम हरीराम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 179 शिकायतें आईं। इसके सापेक्ष आठ शिकायतों का निस्तारण हुआ। इस दौरान सीओ केके मिश्र, तहसीलदार सुदामा वर्मा, खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार आदि मौजूद रहे। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम रामशंकर की मौजूदगी में कुल 197 शिकायतें आईं। एक भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। इस दौरान सीओ अमरबहादुर सिंह समेत सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।