102 एंबुलेंस सेवा के जिला व मंडल प्रभारी हटाए
बाराबंकी। एंबुलेंस नहीं मिलने पर प्रसूता को बुग्गी से सीएचसी सूरतगंज ले जाने के मामले में एंबुलेंस सेवा के जिला स्तरीय अधिकारियों पर गाज गिर गई। मंगलवार देर शाम मंडल प्रभारी व जिला प्रभारी का तबादला कर दिया गया।
बुधवार को नवागत अधिकारियों ने चार्ज संभालने के बाद एंबुलेंसों की जांच की। इस दौरान कमियां मिलने पर सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
मालूम हो कि एक सप्ताह पूर्व मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बनमऊ गांव निवासी रताना देवी को प्रसव पीड़ा होने पर उसके देवर शिवसरन ने 102 एंबुलेंस सेवा के नंबर पर कॉल की।
इसके बाद भी एंबुलेंस नहीं आई तो परिवारीजन किराए की बुग्गी से प्रसूता को लेकर सीएचसी सूरतगंज पहुंचे थे। मामले का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सीएमओ व जीवीके संस्था को कार्रवाई के आदेश दिए थे।
मामले में एंबुलेंस सेवा के ईएमटी, पायलट, कंट्रोल रूम के दो कर्मचारी, आशा बहुु व एएनएम के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
मंगलवार देर शाम एंबुलेंस सेवा प्रदाता जीवीके के मंडल प्रभारी संजय विश्वकर्मा का तबादला कर उन्हें गोंडा भेज दिया गया। वहीं जिला प्रभारी विशाल मिश्र को हटाकर बस्ती जिला भेज दिया गया।
उनके स्थान पर जिले में रह चुके प्रमोद सिंह को लखनऊ से दोबारा यहां तैनात किया गया है। वहीं गोंडा व बस्ती में तैनात रहे एसपी सिंह को मंडल प्रभारी बनाया गया है।