झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बाराबंकी। देवा इलाके में पुराने अर्द्धनिर्मित मकान में बुधवार को संदिग्ध हालात में एक युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस मारफीन की ओवरडोज को युवक की मौत का कारण बता रही है। हालांकि ग्रामीण उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं।
देवा में तिंदोला गांव से पहले रोड पर झील के पास एक पुराने अर्द्धनिर्मित मकान की झाड़ियों में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की पुलिस को खबर मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो झाड़ियों में औंधे मुंह युवक का शव पड़ा था।
घर के बाहर एक बाइक खड़ी थी। बाइक के नंबर से मृतक की शिनाख्त नगर कोतवाली के खम्हरिया गांव का रहने वाला कल्लू सिंह (42) पुत्र रामेंद्र सिंह के रूप में हुई।
कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि, कल्लू मंगलवार सुबह घर से निकला था। वह मारफीन के नशे का आदी भी था।
इंस्पेक्टर का कहना है कि, प्रथम दृष्टया मारफीन की ओवरडोज से मौत का मामला लग रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, गांव के लोग कल्लू की हत्या की आशंका जता रहे हैं।