उर्रा (बहराइच)। मधवापुर व उर्रा ग्राम पंचायत में सात आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण 56 लाख रुपये की लागत से होगा। इसके लिए शासन ने बजट जारी कर दिया है।
मधवापुर में चार और उर्रा में तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण होगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण रूरल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से कराया जाएगा।
अगले हफ्ते से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे दो गांवों की गर्भवती महिलाओं के साथ ही बच्चे लाभान्वित हो सकेंगे।
मिहींपुरवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मधवापुर और ग्राम पंचायत उर्रा आबादी व मजरे के हिसाब से काफी बड़ा है। लेकिन आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या काफी कम है।
इससे गांव के छोटे बच्चे व गर्भवती महिलाओं को केंद्रों पर टीकाकरण, पोषाहार व अन्य कार्यक्रमों में पहुंचने के लिए भीड़ का सामना करना पड़ता था।
इसके लिए ग्राम प्रधानों ने प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को भेजा था। ग्राम प्रधानों के प्रस्ताव को जिलाधिकारी ने शासन को भेज कर आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थापना की आवश्यकता जतायी थी।
डीएम की संस्तुति पर शासन ने दोनों गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए शासन ने 56 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है।
इस बजट से मधवापुर में चार तथा उर्रा ग्राम पंचायत में सात आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण होगा। सात केंद्र का निर्माण होने से गांव की गर्भवती महिलाओं व बच्चों को काफी सहूलियत होगी।
ग्रामीण विभाग के अवर अभियंता दिलीप कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों गांवों में सात आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने बजट भेज दिया है।
अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जेई ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण पर आठ लाख रुपये का खर्च आएगा। इन भवनों में आधुनिक सुविधाएं रहेंगी।
इन स्थानों पर होगा निर्माण
मधवापुर के ग्राम प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत के मधवापुर, बभनियाफाटा, अहिरन कुट्टी तथा परसीपुरवा में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण होगा। ग्राम पंचायत उर्रा के गुलरा, उर्रा बगिया और बाजार में केंद्र का निर्माण होगा।
ऐसे बनेगा आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र
अवर अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि प्रति आंगनबाड़ी केंद्र के लिए शासन ने आठ लाख रुपये का बजट जारी किया है, जिसमें एक कमरा, एक बरामदा, एक स्टोर, एक किचन व एक आधुनिक शौचालय शामिल है। सभी भवनों का निर्माण भूकंपरोधी नक्शे के तहत किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे ये कार्य
आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, स्वास्थ्य की जांच, बच्चों के पठन-पाठन, कुपोषण की जांच के साथ ही अन्य सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।