बहराइच। सड़क हादसों में एक युवती समेत चार लोगों की जान चली गई। दो युवक घायल हुए हैं। हादसे कोतवाली देहात, फखरपुर और बौंडी क्षेत्र में हुए। अगर बाइक सवार हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी।
कोतवाली देहात अंतर्गत सबलापुर गांव निवासी प्रमोद कुमार यादव (19) मंगलवार सुबह पारिवारिक कार्य से जिला मुख्यालय आए थे।
लौटते समय जब वह लखनऊ-बहराइच मार्ग पर टिकोरामोड़ पुलिस चौकी के पास पहुंचा, तभी लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया।
बाइक समेत प्रमोद सड़क पर गिर गया। ट्रक उसे रौंदता हुआ कुछ दूर जाकर रुका। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब तक चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
इसी कोतवाली अंतर्गत टेड़वा बसंतपुर हेमरिया निवासी रामधीरज (35) मंगलवार सुबह सड़क पार कर रहा था। तभी लखनऊ-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार जीप ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही रामधीरज ने दम तोड़ दिया।
चालक वाहन समेत भाग निकला। बौंडी थाना अंतर्गत मरौचा निवासी राजकरन (50) फखरपुर रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार देर रात लौटते समय जब वह लखनऊ-बहराइच मार्ग पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
मौके पर ही राजकरन की भी मौत हो गई। जबकि चालक कार समेत फरार हो गया। फखरपुर थाना अंतर्गत केशव कुंडा गांव निवासी सुमन (18) पुत्री बलराम सोमवार देर शाम को भाई के साथ बाइक से बहराइच आ रही थी।
लखनऊ-बहराइच मार्ग पर बसंतापुर के निकट अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। पीछे बैठी सुमन का सिर सड़क पर ईंट से टकरा गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। गोंडा-बहराइच मार्ग पर चिलवरिया के निकट अनियंत्रित बाइक के पलटने से पयागपुर निवासी शिवकुमार और प्रताप नरायन जख्मी हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।