फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो तेंदुओं ने उड़ाई नींद, तीन तहसीलों में अलर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बिसवां, महमूदाबाद व लहरपुर में दहशत, वन विभाग के साथ लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीमें भी चौकन्नी
विज्ञापन

सीतापुर। जिले में दो तेंदुओं की दस्तक ने वन विभाग अफसरों की नींद उड़ाकर रख दी है। शायद यही वजह है कि बिसवां, लहरपुर व महमूदाबाद तहसील क्षेत्रों में वन विभाग के साथ ही लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीमें भी मदद के लिए अलर्ट मोड पर हैं।

वन विभाग के कर्मचारी तेंदुओं पर नजर रख रहे हैं। यही नहीं उनकी लोकेशन भी तलाश रहे हैं। तेंदुओं की मौजूदगी की खबर से आम जनमानस भी दहशत में है। लोग सूर्यास्त से पहले ही घर पहुंच रहे हैं ।बता दें कि बिसवां तहसील क्षेत्र मेंसदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिनैनी निवासी रमेश को रविवार रात गांव के निकट ही नहर पटरी पर तेंदुआ नजर आया था।
विज्ञापन


यह तेंदुआ करीब की झाड़ियों में चला गया था। इस बात की जानकारी होते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि वन विभाग के कर्मचारी व अधिकारी कुछ देर बाद ही मौके पर पहुंच गए जो कॉम्बिंग में जुट गए थे। यह तेंदुआ ऐसे वक्त पर दिखा है जब ठीक दो दिन पहले 25 मई को लहरपुर तहसील क्षेत्र में एक तेंदुआ रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर के निकट खेत में दिखा था।

इस तेंदुए ने भवानीपुर गांव के अजय सिंह, इतिवारी लाल, प्रमोद, गुड्डू, राम खेलावन, सूरजपुर के खुशीराम, कटरा रायपुर के दिलीप व सकरन थाने के सिपाही विनोद कुमार को जख्मी कर दिया था। वहां पर वन विभाग की टीम कॉम्बिंग करती रह गईं और तेंदुआ लापता हो गया था।

जबकि इसी माह 14 मई को महमूदाबाद तहसील क्षेत्र में सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसैदाबाद निवासी रामनरेश को माधवपुर के निकट तेंदुए ने पंजा मार दिया था। ये सभी घटनाएं लहरपुर, बिसवां व महमूदाबाद तहसील क्षेत्रों में हुई हैं। इस वजह से वन विभाग को तीनों तहसील क्षेत्रों में अलर्ट किया गया है।

हालांकि सोमवार को वन विभाग की टीमें अपने-अपने इलाकों में तेंदुए की लोकेशन टटोलती रहीं, लेकिन कहीं भी उन्हें तेंदुआ नजर नहीं आया। बताया जा रहा है कि तेंदुए का लोकेशन मिलते ही वन विभाग उनको पकड़ने के इंतजाम करेगा। इधर लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीम भी अलर्ट मोड पर बताई जा रही हैं।

अगर तेंदुआ कहीं भी नजर आएगा, तो मदद के लिए तत्काल लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीमें मौके पर पहुंच जाएंगी। वन विभाग भले ही चौकन्ना हो लेकिन तेंदुओं की आमद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सोमवार को बिसवां से महमूदाबाद जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर सन्नाटा पसरा हुआ था। जरूरत पड़ने पर ही लोग घरों से निकल रहे थे।

पगचिन्ह तलाशने के साथ ही लोगों को कर रहे जागरूक
क्षेत्र में रविवार को तेंदुआ देखे जाने के बाद वन विभाग उसकी लोकेशन तलाशने में जुटा हुआ है। सोमवार को रेंजर यूसी राय वनकर्मियों की टीम के साथ नहर पटरी के किनारे जंगल में तेंदुए के पगचिन्ह तलाशते नजर आए। इस दौरान रेंजर ने क्षेत्र के नागरिकों को सतर्क रहने व तेंदुआ दिखने पर वन विभाग को सूचना देने की बात कही।

मौके पर पहुंचे रेंजर ने भिनैनी निवासी रमेश से बात की और तेंदुआ के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कई चित्र दिखाकर रमेश से जानकारी जुटाई। जिसके बाद नहर पटरी के करीब जंगल में कॉम्बिंग शुरू की। रेंजर के नेतृत्व में वनकर्मियों ने महमूदाबाद रेंज की सीमा तक जंगल में तेंदुए के पगचिन्ह तलाशे, लेकिन उन्हें कहीं भी पगचिन्ह नजर नहीं आए।

इससे वन विभाग को निराशा ही हाथ लगी। कॉम्बिंग के बाद वन अधिकारियों ने नहर पटरी के करीब मौजूद गांवों के बाशिंदों से संपर्क साधा और उन्हें सतर्क रहने की बात कही। इस दौरान गांवों में कई जगहों पर ग्रामीणों को एकत्र कर वन्य जीवों के चित्र दिखाए।

वन अधिकारियों ने बाघ व तेंदुआ का चित्र दिखाते हुए कहा कि अगर ऐसे कोई जीव क्षेत्र में नजर आए तो वन विभाग को तत्काल सूचित करें। ताकि वन विभाग समय रहते मदद कर सके। उन्होंने कहा कि लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीमें तत्काल मदद को आ जाएंगी।

लहरपुर व महमूदाबाद में भी तलाश
बिसवां क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारी तेंदुए की लोकेशन खोज रहे थे। इसी बीच लहरपुर रेंजर सुबोध शुक्ला व महमूदाबाद रेंजर रमेश यादव की कॉल वन अधिकारियों पर आ रही थी। वे भी तेंदुआ की लोकेशन जानना चाह रहे थे। इस दौरान पता चला कि लहरपुर व महमूदाबाद क्षेत्र में भी तेंदुआ की खोज की जा रही है।

पेड़ पर चढ़कर देखते हैं राह
बिसवां में हालत ऐसे हैं कि राहगीर पहले पेड़ पर चढ़कर यह देख लेते हैं कि रास्ता साफ है या नहीं, उसके बाद ही वे आगे बढ़ते हैं। खासकर नहर पटरी मार्ग पर कई जगह ऐसे दृश्य देखने को मिले जब लोग झुंड बनाकर चले रहे थे।

इसी बीच झुंड का एक व्यक्ति पेड़ पर चढ़कर यह सुनिश्चित करता दिखा कि आगे तेंदुआ है या नहीं । जब पेड़ पर चढ़ा व्यक्ति खतरा न होने की बात कहता था तब लोग आगे बढ़ते थे।

...तो जिले में मौजूद हैं दो तेंदुआ!
सूत्रों की माने तो जिले में इन दिनों दो तेंदुआ मौजूद हैं। एक तेंदुआ वह है जो अक्सर महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के सदरपुर थाना क्षेत्र में अक्सर देखा जा रहा है। दूसरा तेंदुआ वह है जो हाल ही में लहरपुर तहसील क्षेत्र के भवानीपुर गांव के निकट दिखा था और उसने आठ लोगों को जख्मी किया था।

इस बात की पुष्टि वन विभाग के अधिकारी भी कर रहे हैं। बिसवां रेंजर यूसी राय ने बताया कि लहरपुर में मौजूद तेंदुआ और महमूदाबाद का तेंदुआ अलग-अलग हैं। उन्होंने बताया कि बिसवां क्षेत्र में दिखने वाला तेंदुआ वही है जो महमूदाबाद क्षेत्र में चहलकदमी कर रहा है।
विज्ञापन


पिंजड़ा व जाल मौजूद
तेंदुओं को काबू में करने के इंतजाम जुटाए जा चुके हैं। लखनऊ व दुधवा नेशनल पार्क की टीमें अलर्ट मोड पर है। सूचना मिलते ही ये टीमें तत्काल सीतापुर जिले में आ जाएंगी। तेंदुआ को पकड़ने के लिए जाल व पिजड़ा जिले में मौजूद है।
-डॉ. अनिरुद्ध पांडेय, डीएफओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें