कानपुर के किदवईनगर में 11 साल की भतीजी आयुषी से छुटकारा पाने के लिए उसकी ताई ने साजिशन उसे एक ट्रेन में बैठा दिया और थाने में उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
ट्रेन में आयुषी को गुमसुम देख बनारस निवासी महिला पायल ने उससे बात की तो ताई की करतूत पता चली। बच्ची को लेकर शहर आई युवती मंगलवार को थाने पहुंची और मामला बताया।
एसओ ने ताई को हिरासत में लेकर साजिश में शामिल उसके बेटे अभिषेक की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष का कहना है कि बच्ची के कोर्ट में बयान होंगे।
पुलिस के मुताबिक किदवई नगर एच-ब्लाक निवासी अजय तिवारी की छह साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद अजय की पत्नी अपनी बेटी आयुषी को जेठ संजय तिवारी के पास छोड़कर कहीं चली गई।
हाल में संजय को एक गोलीकांड में जेल हो गई, इसके बाद संजय की पत्नी सपना को आयुषी की परवरिश बोझ लगने लगी। दो अगस्त को सपना ने आयुषी को अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस में यह कहकर बैठा दिया कि ट्रेन तुम्हें तुम्हारे पापा के पास ले जाएगी।