बाइक टकराने के मामूली विवाद में ब्रह्मनगर में सपा नेताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए, दोनों में जमकर पथराव हुआ जिसमें दो लोगों के सिर फटे और एक दर्जन लोग घायल हो गए।
पुलिस से स्थिति न संभलते देख एसएसपी शलभ माथुर और एडीएम सिटी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री पहुंचे और भारी फोर्स व पीएसी बुलाई। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
गुरुवार शाम मूलगंज फूलवाली गली निवासी श्याम अपनी पत्नी विजयलक्ष्मी को लेने ससुराल संतलाल का हाता ब्रह्मनगर आया था।
इसी दौरान श्याम अपने साले संतलाल के साथ बाइक से कहीं जाने को निकला तो सपा सीसामऊ विधानसभा कोषाध्यक्ष रंजय बाजपेई के घर (जिसमें सपा विधायक इरफान सोलंकी का ऑफिस भी है) के सामने उसकी बाइक किसी सिख युवक से टकरा गई। मुंहाचाही के बाद सिख युवक चला गया।
इस तरह शुरू हो गया बवाल
संतलाल का आरोप है इसी दौरान रंजय बाजपेई अपने ऑफिस से बाहर आए और उससे भिड़ गए। संतलाल के यह बताने पर कि वह सपा नेता अनिल सोनकर वारसी की दुकान में काम करता है, रंजय और भड़क गए और कहा कि तुम लोग गुंडई करते हो। फिर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
कुछ ही देर में सपा नगर-ग्रामीण अनुसूचित जाति/ जनजाति जिलाध्यक्ष अनिल सोनकर अपने दो दर्जन समर्थकों के साथ रंजय के ऑफिस पहुंच गए।
अनिल का आरोप है कि रंजय के घर से उन पर पथराव कर दिया गया जिसमें अनिल, संतलाल, कल्लू सोनकर, नन्हीं, मोना, सुमित, अभिषेक, श्याम घायल हो गए।
इसके बाद अनिल समर्थकों ने रंजय के ऑफिस में तोड़फोड़ और घर पर पथराव किया। पुलिस पहुंची लेकिन माहौल को नहीं संभाल पाई तब चार सर्किल की फोर्स को मौके पर लगाना पड़ा।
लगाया घर व ऑफिस पर हमले का आरोप
रंजय का कहना है संतलाल और श्याम का विवाद किसी सिख युवक से हुआ था, वह तो चला गया लेकिन भीड़ ने मेरे घर-ऑफिस पर हमला कर दिया।
एसएसपी ने कहा कि बाइक टकराने पर दो पक्षों में मारपीट- पथराव हुआ है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सपा नेताओं में पुरानी है वर्चस्व की लड़ाई
रंजय बाजपेई और अनिल सोनकर में वर्चस्व की लड़ाई काफी पुरानी है। दोनों अपने आपको विधायक इरफान सोलंकी का करीबी बताते हैं। दोनों में किसका कद बड़ा है, इसकी लड़ाई चलती रहती है।