राजधानी लखनऊ में पिता की डांट से आहत होकर छात्र ने बुधवार की दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन उसका शव ट्रामा सेंटर से घर ले आए और पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नहीं थे। बाद में पुलिस ने किसी तरह उनको समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामला नाका थाना क्षेत्र के कायमखेड़ा का है। यहां के निवासी हाईस्कूल के छात्र अंश शर्मा (15) ने सुसाइड किया है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि अंश डीएवी कॉलेज से कक्षा 10 का छात्र था। उनके ताऊ अवध राम ने बताया भतीजा बुधवार को ठंड के चलते स्कूल नहीं गया था।
पिता घनश्याम मजदूरी के लिए गए थे। दोपहर 2:30 बजे मां स्मिता जब कमरे में पहुंची तो अपने बेटे को पंखे से मफलर के सहारे लटका देख चीख पड़ी। आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य भी आ गए। फंदे से लटक रहे अंश को उतार कर ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता ने डांटा तो सुसाइड कर लिया
इंस्पेक्टर ने बताया कि अंश की आत्महत्या के कारण के बारे में परिजनों ने कुछ भी नहीं बताया। मोहल्ले वालों से बातचीत करने पर इस बात का पता चला है कि अंश को पिता घनश्याम ने किसी बात को लेकर डांटा था। इसी से आहत होकर अंश ने आत्महत्या कर ली। अंश के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई आर्यन हैं।
चौकी इंचार्ज मोती नगर अंजनी कुमार तिवारी ने बताया की अंश के परिजनों उसके शव को ट्रामा सेंटर से लेकर घर आ गए और अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पिता की तबीयत बिगड़ी
अंश परिवार में सबसे छोटा था और उसका लाड़ला था। अंश की अचानक मौत की खबर के बाद पिता घनश्याम की तबीयत बिगड़ गई। रिश्तेदारों व परिजनों ने किसी तरह उनको संभाला। मा स्मिता का भी रो-रो कर बुरा हाल है।