यूपी में रविवार को 103 नए कोरोना मरीज मिले जबकि 156 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में कुल 3040 एक्टिव मरीज बचे हैं। तीन मरीजों की मौत के साथ ही अब तक संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या 8702 हो गई है।
अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने रविवार को लोकभवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक प्रदेश में 602190 लोग कोविड-19 से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 590448 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। शनिवार को 121444 नमूनों की जांच की गई है। रविवार को सबसे अधिक प्रयागराज में 18, लखनऊ में 17, गाजियाबाद में 11, मेरठ में 9, हापुड़ में 6 मरीज मिले हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों के लिए मॉपअप राउंड आज : प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के चरणबद्ध अभियान के तहत सोमवार को स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मॉपअप राउंड चलेगा। अब तक प्रदेश में कुल 8.90 लाख से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जा चुका है। मॉपअप राउंड में सभी छूटे हुए स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
सत्र से पहले विधायकों के आरटीपीसीआर टेस्ट शुरू
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के निर्देश पर विधानमंडल के बजट सत्र से पहले कोविड-19 की जांच के लिए विधायकों और अधिकारियों, कर्मचारियों का आरटीपीसीआर टेस्ट शुरू हो गए हैं। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने सीएमओ से वार्ता कर जांच के लिए टीम गठित कराई। इस टीम ने रविवार से विधान भवन स्थित अपना दल (एस) कार्यालय हाल मे टेस्ट प्रारंभ करा दिए हैं। टेस्ट 16 फरवरी तक होंगे।