ईद को लेकर जिले में निषेधाज्ञा लागू
अंबेडकरनगर। ईद शांतिपूर्ण माहौल में निपटाने के लिए प्रशासन ने मंगलवार से जिले में धारा-144 लागू कर दी है। इसके साथ ही जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। ऐसे में जो भी व्यक्ति निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम सुरेश कुमार ने जिले में ईद उल फितर शांतिपूर्ण माहौल में निपटाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। एडीएम गिरिजेश त्यागी ने बताया कि, ईद के मद्देनजर जिले में धारा-144 निषेधाज्ञा लागू की गई है।
त्योहार शांतिपूर्वक निपटाने के लिए पुलिस-प्रशासन की टीम को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कहीं पर व्यक्ति समूह में एकत्र न हों और किसी ने यदि निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। धार्मिक आयोजन, मेला, वैवाहिक कार्यक्रम, शवयात्रा पर निषेधाज्ञा लागू नहीं होगी।