बहराइच। जल निगम की ओर से शहर से सटे पांच गांवों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने की तैयारी है। इस पर लगभग नौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने बजट जारी कर दिया है।
डीएम के निर्देश पर इन सभी गांवों में बरसात से पहले पाइप लाइन बिछाने, टंकी बनाने, ट्यूबवेल स्थापना आदि के काम शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।
मल्टी सेक्टोरियल डेवलपमेंट योजना के तहत बहराइच जनपद के 14 विकासखंडों को चयनित किया गया है। इन विकास खंडों में योजना के तहत पेयजल, स्वास्थ्य, अवस्थापना सुविधाओं, शिक्षा आदि पर काम होना है।
योजना के तहत बहराइच जनपद के विकासखंड कैसरगंज के बैरीमहेशपुर गांव में एक करोड़ 41 लाख, फखरपुर के नंदवल गांव में 2 करोड़, तेजवापुर के हुसैनपुर गांव में दो करोड़ 5 लाख, चित्तौरा के परेवा खान गांव में एक करोड़ 54 लाख और हुजूरपुर के पातूपुर गांव में 2 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति के काम कराए जाएंगे।
जल निगम के अधिशासी अभियंता आरबी राम ने बताया कि योजना के तहत निर्माण कार्यों को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। सभी गांवों में पाइप लाइन बिछाने, टंकी निर्माण, ट्यूबवेल बनाने आदि के काम कराए जाएंगे।
निर्माण कार्यों को बरसात से पहले पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे लोगों को समय से पेयजल आपूर्ति हो सके। इस मामले में कवायद तेज कर दी गई है। दो दिन में कार्य भी शुरू हो जाएगा।
घरों को दिया जाएगा कनेक्शन
अधिशासी अभियंता आरबी राम ने बताया कि सभी पांच गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों के घरों तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
इसके बाद उनसे कुछ पैसे जमा कराकर शहर की तर्ज पर पेयजल के कनेक्शन दिए जाएंगे। सभी ट्यूबवेल पर पंप ऑपरेटरों की भी तैनाती की जाएगी, जिससे उनके संचालन में कोई समस्या नहीं आए।
ये होंगे काम
योजना के तहत छह पानी की टंकी, पांच ट्यूबवेल, 150 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन व पांच स्टाफ क्वार्टर बनेंगे।