अंबेडकरनगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बीते दिन छापेमारी में लिए गए नमूनों में पांच मानकों पर खरे नहीं उतरे। खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन ने न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम न्यायालय में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर मिलावट के संदेह पर छेना, दूध, काला नमक, सोन पापड़ी, बर्फी आदि का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था।
गत दिवस आई जांच रिपोर्ट में कुर्की बाजार निवासी दयाशंकर की मिठाई की दुकान का छेना, मालीपुर बाजार स्थित मेवालाल गुप्ता की मिठाई की दुकान की बर्फी, पहितीपुर बाजार स्थित राधेश्याम चौहान की किराने की दुकान का काला नमक व शहजादपुर स्थित उमाशंकर की मिठाई की दुकान की मुस्कान ब्रांड सोन पापड़ी जांच में फेल मिले।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय ने बताया कि संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध न्याय निर्णायक अध्किारी/एडीएम न्यायालय में वाद दायर किया गया है। कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलता रहेगा।