ट्रक और इनोवा में भिड़ंत, दंपती समेत चार की मौत
रायबरेली। अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात ट्रक और इनोवा की भिड़ंत में दंपती समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। इनोवा सवार लोग बारात में शामिल होने के बाद कानपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे।
हादसे के शिकार चालक को छोड़कर मरने वाले और घायल एक ही परिवार के बताए गए हैं। हादसा इतना जबरदस्त था कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी।
कानपुर के बर्रा स्थित विश्व बैंक कॉलोनी के रहने वाले एक परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के पूरे लक्खी पोस्ट बेनीमाधव नगर गए थे। वहां से रविवार शाम बारात अमेठी जिले के शाहगढ़ मुंशीगंज गई थी।
देर रात बारात में शामिल होने के बाद परिवार के सभी लोग इनोवा (यूपी-33 0776) से कानपुर लौट रहे थे। रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर जायस कोतवाली क्षेत्र में मुरगिहा पूर्वा मजरे कासिमपुर गांव के पास सामने से आ रहे दो ट्रकों में से एक ट्रक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इसी दौरान अमेठी की ओर से जा रही इनोवा और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे इनोवा के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पर जायस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से इनोवा में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला।
इसमें इनोवा सवार रामपाल गुप्ता (60) पुत्र देवीदीन गुप्ता, उनकी पत्नी शांति देवी (55) और भाई छत्रपाल गुप्ता (40) की मौके पर ही मौत हो चुकी है। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल रायबरेली भेजा। जहां इनोवा चालक कानपुर के बर्रा विश्व बैंक कॉलोनी निवासी दीपक तिवारी पुत्र अवधेश तिवारी की मौत हो गई।
इसके अलावा हादसे में रामपाल की पुत्री सुशीला (20) व पुत्र हरि प्रसाद (40), श्रीकृष्ण (45) पुत्र श्रीराम व श्रवण कुमार (40) पुत्र सियाराम घायल हो गए।
ये सभी लोग कानपुर के बर्रा स्थित विश्व बैंक कॉलोनी के रहने वाले हैं। घायलों की हालत गंभीर होने पर सभी को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां सहारा अस्पताल में इन सभी का इलाज चल रहा है।
जायस कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि, ट्रक के ओवरटेक करने के दौरान इनोवा में भिड़ंत से हादसा हुआ है। मृतक रामपाल के भतीजे रमेश कुमार वैश्य की तहरीर पर केस दर्ज कर ट्रक कब्जे में ले लिया है।
चालक की तलाश की जा रही है। कोतवाल ने बताया कि, तीन शवों का पोस्टमार्टम अमेठी, जबकि चालक के शव का पोस्टमार्टम रायबरेली में कराया गया है।